नीम के पेड़ से उतरे करंट ने ली राजमिस्त्री की जान, 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत
धूप से बचने के लिए पेड़ की छांव में गया था युवक, हाई-टेंशन तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा; ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डिहरी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान डिहरी गांव निवासी गोपाल राम के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। संदीप पेशे से राजमिस्त्री था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संदीप कुमार गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहा था। दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी से राहत पाने के लिए वह काम छोड़कर पास स्थित एक नीम के पेड़ की छांव में चला गया। बताया जाता है कि पेड़ की एक बड़ी डाल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में थी। इसके कारण पूरे पेड़ में करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही संदीप का शरीर पेड़ से सटा, वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए चौसा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर मृतक के पिता गोपाल राम ने राजपुर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाई-टेंशन लाइन का जर्जर तार कई महीनों से पेड़ की डालियों के संपर्क में था और इसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर तारों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है





