टीबीटी मंच का बक्सर में भव्य आयोजन, 101 नवाचारी शिक्षक हुए सम्मानित
विधायक राहुल कुमार सिंह बोले- शिक्षकों के नवाचार से शिक्षा व्यवस्था को मिल रही नई दिशा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टीबीटी मंच (द बिहार टीचर्स हिस्ट्री मेकर्स) द्वारा बक्सर जिले में 101 नवाचारी शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डुमरांव विधानसभा के विधायक राहुल कुमार सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डुमरांव डाएट के प्रवक्ता एवं प्राचार्य विवेक कुमार मौर्या उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान सभी सम्मानित अतिथियों को मोमेंटो, पौधा एवं बैचलर टोपी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की थीम “कबाड़ से जुगाड़” पर आधारित रही, जिसमें शिक्षकों द्वारा शिक्षा को रोचक और प्रभावशाली बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। टीबीटी मंच का यह जिला स्तरीय कार्यक्रम बिहार के विभिन्न जिलों में सफलता के बाद 18वें जिले के रूप में बक्सर में संपन्न हुआ। मंच का मुख्य उद्देश्य बिहार के सभी 38 जिलों के शिक्षकों को एक साझा मंच प्रदान करना तथा नवाचारी शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में शिक्षकों द्वारा बनाए गए टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। मंच के संस्थापक डॉ. कुमार गौरव ने सभी नवाचारी शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि विधायक राहुल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि शिक्षा को नई प्रणाली और नवाचार के माध्यम से प्रस्तुत करने वाला प्रेरणादायी मंच है। वहीं डुमरांव डाएट के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्या ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। गणेश वंदना, अभियान गीत, स्वागत गीत, छठ गीत एवं पारंपरिक लोकगीतों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत नाटक “अधूरी दहलीज” में दहेज प्रथा की भयावहता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। वहीं भक्ति गीतों से सजी कव्वाली प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बबीता, शैलेश, जिला अध्यक्ष स्नेह लता सिंह, उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार राय, सोनम कुमारी, ममता कुमारी, ज्योत्सना सिंह, सुषमा कुमारी, शोभा कुमारी, पूजा ओझा सहित कई शिक्षकों ने शानदार प्रस्तुति दी।
“जय बिहार, जय टीबीटी” के उद्घोष के साथ पूरा कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा से भरा नजर आया। सभी अतिथियों ने सेल्फी पॉइंट पर अपने अनुभव साझा किए। पटना प्रमंडल से आई बबीता ने कहा कि “बक्सर वास्तव में ज्ञान की प्रचंड भूमि है, जहां शिक्षकों ने एक साथ इतनी सुंदर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।” वहीं रोहतास से आई ममता कुमारी और पटना प्रमंडल के शैलेश ने भी आयोजन की सराहना करते हुए बक्सर टीम को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष स्नेह लता सिंह ने की। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर बधाई दी तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक ब्रजेश राय एवं धनंजय मिश्रा ने भी अतिथियों के स्वागत और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अमित राय, सोनम कुमारी, शैलेंद्र राय, सुरेश, पूजा ओझा, श्वेता कुमारी, रेणु कुमारी, प्रीति राय, प्रतिची चतुर्वेदी, प्रियंका कुमारी एवं मंजू कुमारी सहित कई शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन पूजा ओझा, डॉ. ज्योत्सना सिंह, दिलीप जी और कंचन सिंह ने संयुक्त रूप से किया।





