OTHERS

खतियान के नाम पर कब तक भटकेगा खरवार समाज? — राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा ने बिहार सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप

बक्सर के बाईपास रोड स्थित बैठक में फूटा खरवार समाज का आक्रोश, कहा — सरकारी आदेशों के बावजूद नहीं बन रहा जाति प्रमाण पत्र, शिक्षा-नौकरी से वंचित हो रहे आदिवासी परिवार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बृहस्पतिवार को शहर के बाईपास रोड स्थित एक सभागार में राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरवार समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की समस्या को लेकर गहन चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमपी खरवार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि खरवार समाज वर्षों से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण आज भी समाज के लोगों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार द्वारा कई बार निर्देश और तिथियां जारी किए जाने के बावजूद निचले स्तर के अधिकारी उन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके कारण खरवार समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

मुख्य अतिथि एमपी खरवार ने कहा कि बार-बार खतियान की मांग कर खरवार आदिवासी समाज को गुमराह किया जा रहा है। इससे समाज के गरीब और जरूरतमंद लोग शिक्षा, रोजगार, सरकारी नौकरी और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से लगातार वंचित होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में खरवार समाज का विकास चाहती है तो बिहार के सभी अंचलों में सुचारू रूप से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खरवार समाज आज भी पहचान और अधिकार की लड़ाई लड़ रहा है। प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होना समाज के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस गंभीर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाए।

बैठक में राजकुमार सिंह राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सह संस्थापक, सुमंत खरवार राष्ट्रीय सलाहकार राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा, रामू खरवार युवा नेता राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा, बृजेश खरवार उपाध्यक्ष बिहार प्रदेश राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा, सोनू खरवार प्रदेश अध्यक्ष बिहार राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा, रंजन खरवार सदस्य मोर्चा, विजय खरवार, सुशील खरवार समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खरवार समाज की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पूरे बिहार में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button