बक्सर स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत मोबाइल चोर गिरफ्तार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामानों की चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में चल रहे इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल अपने दल—आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी राहुल यादव एवं आरक्षी करन सिंह—के साथ स्टेशन पर निगरानी एवं अपराधियों की धर-पकड़ में जुटे थे। इसी दौरान दोपहर के समय एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिया। टीम ने तत्काल उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम परदेसी माली, पिता अमर सिंह माली, निवासी थाना चौसा मुफस्सिल, जिला बक्सर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल फोन उसने बक्सर रेलवे स्टेशन से एक महिला यात्री से चोरी किया था।
घटना की पुष्टि होते ही RPF टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे जीआरपी बक्सर के सुपुर्द कर दिया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से स्टेशन परिसर में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि रेल यात्रियों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।





