मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल; पीड़िता का मेडिकल कराकर जुटाए जा रहे वैज्ञानिक साक्ष्य


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तियरा गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक 35 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पीड़िता के परिवार में गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता तियरा गांव की ही रहने वाली है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वह फिलहाल अपने मायके में ही रह रही थी। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब पीड़िता के परिजनों को इस संबंध में संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत राजपुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्येंद्र राम एवं विजय राम के रूप में की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है, ताकि घटना से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा सकें और मामले को अदालत में मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इस मामले को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ देख रही है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।





