OTHERS

इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग तेज, दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी; रेल रोको आंदोलन की चेतावनी

मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर बोले— गुमटी खुलने तक आंदोलन रहेगा जारी, जनहित की अनदेखी बर्दाश्त नहीं; जिला प्रशासन और रेल प्रशासन से समाधान की अपील

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
इटाढ़ी रेलवे गुमटी को पुनः खोले जाने की मांग को लेकर जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के जिला संयोजक एवं पूर्व प्रत्याशी सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन रामचीज प्रजापति ने किया।

 

धरनार्थियों को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी का मामला आम जनता की सुविधा और जनहित से जुड़ा हुआ है। इस मुद्दे को मोर्चा पूरी गंभीरता से उठा रहा है और जब तक गुमटी को दोबारा नहीं खोला जाता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि अगले दो-तीन दिनों के भीतर रेल प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज करते हुए ‘रेल रोको अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार है। सरोज राजभर ने रेल मंडल प्रबंधक एवं जिला प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि मानते हुए इस मामले पर गंभीरता से विचार करने और शीघ्र समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों की आवाज को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और प्रशासन को जनता की परेशानी समझनी होगी।

 

धरना के दूसरे दिन विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि रेलवे गुमटी बंद रहने से स्थानीय लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों एवं राहगीरों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गुमटी खोलने की मांग दोहराई। धरना को संबोधित करने वालों में राष्ट्रपति राजभर, जिला सह संयोजक दीनानाथ ठाकुर, मांझी राजभर, गुड्डू शर्मा, राम इकबाल ठाकुर, लाल बाबू माली, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, सुनीता देवी, जेपी यादव, राजकुमार राय, अजीत कुमार, रोहित कुमार, रितेश कुमार, रमन राजभर, रमाकांत चंद्रवंशी, रमेश राजभर, बीरबल रजक, सिपाही राजभर सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button