जी. डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रशिक्षु हुए सम्मानित
बी.एड. सत्र 2024–26 के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर किया गया सम्मानित, मुख्य अतिथि आर. एन. राय ने शिक्षकों की भूमिका पर दिया प्रेरक संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जी. डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में बी.एड. सत्र 2024–26 के प्रशिक्षुओं के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य आर. एन. राय थे, जबकि समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के सचिव प्रदीप कुमार मिश्रा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिभा का सम्मान विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्य अतिथि आर. एन. राय ने अपने संबोधन में कहा कि एक सफल शिक्षक केवल ज्ञान का प्रसार ही नहीं करता, बल्कि अपने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का भी विकास करता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से सतत अध्ययन, अनुशासन एवं नवाचार को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाविद्यालय के सचिव प्रदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सम्मानित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों से उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया। समारोह में बी.एड. सत्र 2024–26 के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं ने महाविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु पूनम एवं प्रियंका ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में डॉ. अश्विनी कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश सर, सुनील सर, आनन्दी किशोर, फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, सुनील मिश्र, अजय पाल, अरविंद, प्रकाश, निशांत, प्रभाष सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। प्रशिक्षुओं में स्वास्तिका, सोनाक्षी, उज्ज्वल, अविनाश, नेहा, नितेश, सोनू, अनुज्ञा, निभा, पंकज, नीरज, हरिओम सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।
वीडियो देखें :





