बक्सर में 30 लाख की शराब जब्त: स्कैनर को चकमा देने के लिए कुलरों में छिपाकर लाई जा रही थी खेप
449 पेटी शराब बरामद, ट्रक चालक व खलासी गिरफ्तार; पंजाब से जमुई ले जायी जा रही थी अवैध सप्लाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में विभाग ने भारी मात्रा में शराब की खेप को जब्त करते हुए ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उत्पाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार के लिए बड़ी मात्रा में शराब भेजी जा रही है। सूचना के बाद विभाग की टीम सतर्क हो गई और वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई। रात करीब 10:30 बजे एक संदिग्ध ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने ट्रक को रोककर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच स्कैनर से की गई, लेकिन उसमें शराब की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बावजूद गुप्त सूचना के आधार पर टीम को संदेह बना रहा, जिसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। ट्रक में 55 छोटे-बड़े कुलर लोड थे, जिन्हें इस तरह व्यवस्थित किया गया था कि बीच में छुपाई गई शराब की पेटियां स्कैनर की पकड़ में न आ सकें। जब कुलरों को हटाया गया तो अंदर से 449 पेटी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 300 पेटी बीयर (3600 लीटर) और 149 पेटी विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की (1341 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 4941 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के मिर्चा निवासी स्वर्गीय भैरव यादव के पुत्र मुकेश कुमार और सिकंदरा क्षेत्र निवासी सुधीर ठाकुर के पुत्र सुबोध कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ से जमुई ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग ने ट्रक, शराब की खेप और 55 कुलरों को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग का कहना है कि राज्य में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





