अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत अस्पतालों व होटलों में मॉक ड्रिल, शॉर्ट सर्किट से बचाव के दिए गए टिप्स
17 अप्रैल को चौथे दिन अग्निशमन विभाग की बड़ी पहल—संस्थानों में जांच, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान तेज


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार 14 से 20 अप्रैल 2026 तक चल रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत बक्सर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को चौथे दिन अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं उनकी टीम ने विभिन्न संस्थानों में व्यापक निरीक्षण और मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
इस दौरान विद्युत अभियंता के साथ मिलकर अस्पतालों और होटलों में बिजली से संबंधित उपकरणों की गहन जांच की गई। टीम ने विशेष रूप से शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं को रोकने के उपायों पर जोर दिया। शुक्रवार को सदर अस्पताल, बक्सर, मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल, विश्वामित्र अस्पताल, एकाक्ष अस्पताल, बीके ग्लोबल हॉस्पिटल, महाशिवरात्रि हॉस्पिटल, वैष्णवी हॉस्पिटल, होटल रॉयल प्लाजा, बक्सर, इन सभी जगहों पर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल कराई गई, जिसमें आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बचाव के तरीके सिखाए गए।
पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र का दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही, आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए डायल 101 और 112 नंबर की जानकारी भी साझा की गई।
जागरूकता पर विशेष जोर
अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग से बचाव के लिए सतर्कता और सही जानकारी बेहद जरूरी है। इस तरह के अभियान का उद्देश्य आम लोगों और संस्थानों को आपदा के समय सजग और तैयार रखना है। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंत तक जिले में विभिन्न स्थानों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी मिल सके।





