बीस सूत्री बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा, 80% कार्य लंबित मिलने पर अध्यक्ष ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बक्सर प्रखंड कार्यान्वय समिति की बैठक में पिछले निर्देशों और योजनाओं की हुई समीक्षा, लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का अधिकारियों को निर्देश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर प्रखंड कार्यान्वय समिति (बीस सूत्री) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा ने की। बैठक में बक्सर प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पिछली बैठकों में समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों तथा संबंधित विभागों को दिए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और लंबित मामलों पर चर्चा की गई। समीक्षा के क्रम में यह बात सामने आई कि करीब 80 प्रतिशत विभागीय कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस पर बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों की भी प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने को कहा। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं समिति के सचिव साधुशरण पाण्डेय, उपाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान, सदस्य सोनू राय, अजय भट्ट, दीपक सिंह, संजय चौधरी, राजेश कुशवाहा, पंकज मानसिंहका, प्रभु कुमार एवं प्रमोद चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पूर्व में दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। समिति ने आगामी बैठक में इन कार्यों की प्रगति की दोबारा समीक्षा करने की बात भी कही।





