चौसा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर लगी मुहर
12 जगहों पर लगेंगे वाटर स्टैंड पोस्ट, शहीद सुनील कुमार यादव के नाम पर बनेगा शहीद गेट, कई वार्डों में सड़क-नाला निर्माण प्रस्ताव स्वीकृत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बुधवार को नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत चौसा की मुख्य पार्षद किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी द्वारा किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई और बोर्ड सदस्यों ने सर्वसम्मति से कई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में मुख्य पार्षद किरण देवी ने बताया कि भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार के निर्देशानुसार नगर पंचायत क्षेत्र के 12 स्थानों पर वाटर स्टैंड पोस्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अलावा यादव मोड़ से नरबतपुर जाने वाली सड़क पर शहीद सुनील कुमार यादव की स्मृति में शहीद गेट निर्माण के लिए निविदा प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं के अंतर्गत अशोक सम्राट भवन, प्रशासनिक भवन तथा अन्य विकास कार्यों को लेकर बोर्ड द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वार्ड संख्या 6 में शादी मंडप निर्माण हेतु सरकारी जमीन की चहारदीवारी कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। वहीं वार्ड संख्या 4 में अल्लाह शहीद बाबा के स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क, वाटर स्टैंड पोस्ट और बिजली व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया।
वार्ड संख्या 5 के दलित बस्ती क्षेत्र में शिवकुमार राम के घर से विजय राम और शिवमुनि राम के घर तक पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कराने का प्रस्ताव भी बोर्ड द्वारा स्वीकृत किया गया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 8 में सोहराब अंसारी के घर से सैयद सफीक की कोठी तक सड़क और नाला निर्माण तथा वार्ड संख्या 9 में कमाल मियां के घर से जीउत माली होते हुए मैनुद्दीन के घर तक सड़क एवं वाटर स्टैंड पोस्ट लगाने की योजना पर भी मुहर लगी। बैठक में वार्ड संख्या 12 खिलाफतपुर में जलजमाव की समस्या को देखते हुए पानी निकासी के लिए नाला निर्माण कराने तथा वार्ड संख्या 11 नारायणापुर गांव से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए पशु मेला नहर तक दोनों तरफ नाला निर्माण कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। इन योजनाओं की लागत अधिक होने के कारण इन्हें प्रशासनिक स्वीकृति के लिए पुनः नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत चौसा के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा तथा जनता की मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि आफताब आलम, विधायक प्रतिनिधि शैलेश मिश्रा, वार्ड पार्षद सदस्य ललिता देवी, नयनतारा देवी, चंदन कुमार, साजिदा, पुष्पा देवी, आनंद कुमार रावत सहित सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी, कनीय अभियंता प्रतीक धर, प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश एवं एकाउंटेंट राकेश गुप्ता उपस्थित रहे।





