आठ दिन में टूटा सात फेरों का रिश्ता, नवविवाहिता प्रेमी संग हुयी फरार, नगदी-जेवर भी गायब
शादी के महज 8 दिन बाद घर से लापता हुई दुल्हन, पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी; मोबाइल कॉल डिटेल जांच की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सात फेरे लेकर ससुराल पहुंची नवविवाहिता शादी के महज आठ दिन बाद अचानक घर से लापता हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष सकते में है। पीड़ित पति ने पत्नी के कथित प्रेमी के साथ फरार होने और घर में रखे नगदी व जेवरात लेकर जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर निवासी मिथिलेश कुमार यादव की शादी 8 मई को भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्छु टोला निवासी सोनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से संपन्न हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता के ससुराल पहुंचने पर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी। पीड़ित पति मिथिलेश कुमार यादव ने बताया कि 17 मई की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण वह घर की छत पर सोने चला गया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो नवविवाहिता घर में नहीं मिली। पहले तो परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी दौरान जब घर की जांच की गई तो पता चला कि घर में रखे सोने के आभूषण और लगभग 45 हजार रुपये नगद भी गायब हैं। परिजनों के अनुसार गायब जेवरात की कीमत करीब ढाई लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि नवविवाहिता लगातार किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत करती रहती थी। ऐसे में उन्हें आशंका है कि उसका पूर्व से किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसी के साथ वह फरार हो गई है। परिवार ने पुलिस से मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की है ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल की भी जांच की जाएगी, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





