OTHERS

भीषण गर्मी पर प्रशासन सख्त आदेश, दोपहर 12 से 4 बजे तक दुकानें और सार्वजनिक परिवहन बंद

एसडीओ अविनाश कुमार का आदेश जारी, लू के खतरे को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने आदेश जारी करते हुए बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक सभी दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।

 

जारी आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक गर्म हवा और लू के कारण आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। विशेष रूप से दोपहर के समय तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन के निर्देशानुसार बक्सर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पूर्णतः बंद रहेंगे। वहीं सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का परिचालन भी इसी अवधि में सीमित रहेगा तथा केवल आवश्यक परिस्थितियों में ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।

 

हालांकि प्रशासन ने चिकित्सा सेवाएं, दवा दुकानें, पेयजल, दुग्ध आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा लू से बचाव के लिए पर्याप्त सावधानी बरतें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button