चलती ट्रेन में चेन पुलिंग कर भागे शराब तस्कर गिरफ्तार, महिला समेत चार दबोचे गए; रेल पुलिस ने किया बड़े नेटवर्क का खुलासा
लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में मद्य निषेध टीम से की थी हाथापाई, पांच मोबाइल, दो बाइक और अंग्रेजी शराब बरामद; कई अन्य तस्करों की तलाश जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के डुमरांव एवं कुशलपुर हरनाहा हॉल्ट के बीच चलती ट्रेन में चेन पुलिंग कर फरार होने तथा मद्य निषेध टीम से हाथापाई करने के चर्चित मामले का रेल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में महिला तस्कर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और अंग्रेजी शराब भी बरामद की है।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि 27 मई को लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करी की सूचना पर मद्य निषेध विभाग की टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान शराब तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेन में चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन रुक गई। इसके बाद भागने के दौरान तस्करों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वैशाली निवासी खुशबू कुमारी उर्फ जहाना खातून, जहानाबाद निवासी अंकित कुमार, सारण निवासी वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू तथा नालंदा निवासी रंजन शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पुलिस को शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली। गिरफ्तार महिला खुशबू कुमारी उर्फ जहाना खातून उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से शराब लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करती थी। वहीं अंकित कुमार इस नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी था, जो शराब को अन्य कारोबारियों तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, दो मोटरसाइकिल तथा 3.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। जांच के दौरान कई अन्य संदिग्ध तस्करों की पहचान भी हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि ट्रेन में चेन पुलिंग करने और पुलिस टीम से हाथापाई करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से रेल मार्ग के जरिए संचालित शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
वीडियो देखें :





