OTHERS

बक्सर में शाक्य-मौर्य-कुशवाहा समाज का जिला सम्मेलन संपन्न, नई समिति का गठन; सामाजिक एकता और शिक्षा पर जोर

मेधावी छात्रों के सम्मान, छात्रवृत्ति योजना और सामाजिक विकास के लिए नए कार्यक्रमों की घोषणा, सुरेंद्र प्रताप सिंह बने अध्यक्ष

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर नगर के पांडेय पट्टी स्थित टैगोर शिक्षा निकेतन परिसर में शाक्य मौर्य कुशवाहा सैनी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में जिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक श्रीभगवान सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर सामाजिक एकता, शिक्षा और संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श किया।

 

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुशवाहा अभियंता फोरम की राज्य इकाई के प्रतिनिधि जंग बहादुर सिंह के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था छात्रवृत्ति योजना, मेधावी छात्रों के सम्मान तथा समाज हित से जुड़े अनेक कार्य कर रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि बक्सर में भी इस प्रकार की योजनाओं को व्यापक स्तर पर लागू किया जाना चाहिए ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि बक्सर में “परी मैरिज हॉल” की व्यवस्था उनकी ओर से उपलब्ध कराई जाएगी तथा वर्ष में एक बार “कुशवाहा फैमिली सेलिब्रेशन” का आयोजन होना चाहिए। उनके इस प्रस्ताव का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए सर्वसम्मति से समर्थन किया। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे श्रीभगवान सिंह ने कहा कि समाज को नई दिशा देने और युवाओं को संगठित करने के लिए ऐसे संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर उन्हें संस्था से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ समाज को मिल सके।

 

सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रदेव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन से बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षक, अधिकारी एवं समाज के जिम्मेदार लोग मिलकर नई पीढ़ी को दिशा देने का कार्य करें, जिससे समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। सम्मेलन में कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामकेवल सिंह, सेवानिवृत्त जेलर सूर्यनाथ सिंह, कुशवाहा महासभा के जिला अध्यक्ष विनोद मौर्य, सत्यशोधक समाज के शिव प्रसाद कुशवाहा, सम्राट अशोक परिवार के अध्यक्ष मकरध्वज सिंह विद्रोही, शिक्षिका नीलम कुमारी, राज किशोरी देवी, आरती कुमारी, कुसुम रानी, शिक्षक एवं पर्यावरण संरक्षक विपिन कुमार, बृजेश सिंह, मनीष सिंह, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, शिक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती, शिक्षा के विस्तार और युवाओं के मार्गदर्शन के लिए एक सशक्त संगठन की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में संघ के माध्यम से सामाजिक विकास, शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उपस्थित सदस्यों का परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसके बाद नई जिला समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से शिक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह को अध्यक्ष, कुसुम रानी को उपाध्यक्ष, रजनीश कुमार को संयुक्त सचिव, बृजेश सिंह को कोषाध्यक्ष एवं अलोक कुमार को मिडिया प्रभारी एवं पंकज कमल को सह मिडिया प्रभारी चुना गया। इसके अलावा अन्य पदों पर भी सदस्यों की सर्वसम्मति से नियुक्ति की गई। सम्मेलन के अंत में समाज की एकजुटता, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, शिक्षक, कर्मचारी, महिला प्रतिनिधि एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button