अटाव पंचायत के बस स्टैंड के रास्ते में जलजमाव से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लगाई गुहार
नाली की सफाई नहीं होने से मुख्य सड़क बनी तालाब, स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को रोजाना उठानी पड़ रही परेशानी, मुखिया पर अनदेखी का आरोप


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के डुमरांव प्रखंड अंतर्गत अटाव पंचायत के वार्ड संख्या-03 स्थित बस स्टैंड पर जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थानीय ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बरसात का पानी मुख्य सड़क पर जमा हो गया है, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बस स्टैंड से होकर गांव का मुख्य मार्ग गुजरता है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, वहीं छोटे बच्चों को स्कूल जाने में विशेष परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालियों की नियमित सफाई नहीं किए जाने के कारण यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कमलेश सिंह, मनोज कुमार मौर्य, मुकेश ठाकुर, महात्मा जी, सुरेश जी, फुलन, मुकेश कुमार, दुर्गेश कुमार, शैलेंद्र, अनिल ठाकुर, भगवती धोबी सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अटाव पंचायत के मुखिया से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनकी ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मुख्य सड़क को जलजमाव से मुक्त कराया जाए, ताकि आम लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।





