OTHERS

हेरिटेज स्कूल बक्सर के आदित्य रंजन ने रचा इतिहास: NEET-2026 में AIR 141 हासिल कर बिहार का बढ़ाया मान

मेधावी छात्र आदित्य रंजन ने पहले CBSE 12वीं में जिला द्वितीय टॉपर बनकर बटोरी थी सुर्खियां, अब NEET में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता से रचा नया कीर्तिमान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के प्रतिभाशाली छात्र आदित्य रंजन ने NEET-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 141 प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे बक्सर जिले और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। आदित्य की यह ऐतिहासिक उपलब्धि शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। विद्यालय परिसर में इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है और शिक्षकों, अभिभावकों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयों से सराबोर कर दिया है।

 

यह पहली बार नहीं है जब आदित्य ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। इससे पहले उन्होंने CBSE कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बक्सर जिला के द्वितीय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था। विशेष रूप से भौतिकी (Physics) विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी असाधारण मेधा, अनुशासित अध्ययन और कठिन परिश्रम का परिचय दिया था। आदित्य की शैक्षणिक यात्रा शुरू से ही उत्कृष्ट रही है। उन्होंने अपनी दसवीं की पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर से पूरी की थी, जहां उन्होंने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि सफलता उनके लिए कोई संयोग नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है।

 

विद्यालय परिवार ने जताया गर्व
आदित्य की इस शानदार सफलता पर हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक तथा प्राचार्य डॉ. सुषमा कुमारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आदित्य ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उसकी उपलब्धि विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सतत परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय के शिक्षक राकेश रंजन सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आदित्य को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आदित्य भविष्य में एक कुशल, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बनकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करेगा।

परिवार का मिला मजबूत सहयोग
आदित्य की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके पिता सुरेंद्र महतो बक्सर स्वास्थ्य विभाग के यक्ष्मा केंद्र में कार्यरत हैं, जबकि माता निशा रानी मध्य विद्यालय, डुमरांव में शिक्षिका हैं। विद्यालय परिवार ने आदित्य के माता-पिता को भी हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने इस सफलता की मजबूत नींव रखी।

बड़े भाई भी हैं मेधावी
प्रतिभा आदित्य के परिवार की पहचान बन चुकी है। उनके बड़े भाई मुकुल रंजन ने वर्ष 2025 में JEE परीक्षा में 99 पर्सेंटाइल हासिल किया था और वर्तमान में एनआईटी जमशेदपुर में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों भाइयों की उपलब्धियां जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का विषय बन गई हैं।

युवाओं के लिए प्रेरणा बने आदित्य
NEET-2026 में AIR 141 जैसी शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण परिवेश के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। आदित्य रंजन की उपलब्धि न केवल बक्सर बल्कि पूरे बिहार के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और परिवार एवं शिक्षकों के सहयोग से देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button