OTHERS

भरत तिवारी कथित फेक एनकाउंटर मामले में बिहार सरकार सख्त, हटाए गए जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार

उप सचिव राजीव रंजन दास ने जारी की अधिसूचना, मुख्यमंत्री से मिले भरत तिवारी के परिजन; मामले में बढ़ी प्रशासनिक हलचल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी के कथित फेक एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार गंभीर नजर आ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया गया। बिहार सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जगदीशपुर (भोजपुर) के अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पद से मुक्त कर सामान्य प्रशासन विभाग, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

 

संजीत कुमार बिहार प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं और उप सचिव स्तर के पदाधिकारी माने जाते हैं। उनके स्थानांतरण के आदेश के बाद भरत तिवारी मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में स्थानांतरण का कोई विशेष कारण नहीं बताया गया है, लेकिन इसे भरत तिवारी प्रकरण के बाद की महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। इधर, शुक्रवार को भरत तिवारी के परिजन ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान परिजनों ने कथित फेक एनकाउंटर से जुड़े विभिन्न तथ्यों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग रखी।

 

गौरतलब है कि भरत तिवारी के कथित फेक एनकाउंटर मामले ने पूरे बिहार में व्यापक चर्चा बटोरी है। इस प्रकरण को लेकर न्यायिक प्रक्रिया भी जारी है और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। सरकार की ओर से की जा रही प्रशासनिक गतिविधियों और लगातार हो रही कार्रवाई से यह संकेत मिल रहा है कि मामले पर उच्च स्तर पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है। अब सभी की निगाहें सरकार और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। वहीं, इस मामले में मुख्यमंत्री से परिजनों की मुलाकात और एसडीओ के तबादले को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में भी विभिन्न तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button