बक्सर में महागठबंधन ने एनडीए विधायकों के एक साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल, विकास के दावों को बताया दिखावा
कांग्रेस, राजद नेताओं ने रिपोर्ट कार्ड, सड़क, रेल सुविधाओं और इटाढ़ी गुमटी को लेकर साधा निशाना; पत्रकारों को नोटिस भेजने पर भी जताई नाराजगी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को गोलंबर स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महागठबंधन के नेताओं ने एनडीए सरकार और बक्सर जिले के तीनों एनडीए विधायकों के एक वर्ष के कार्यकाल पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा और राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम ने विकास कार्यों, विधायक के रिपोर्ट कार्ड, सड़क एवं रेल सुविधाओं और पत्रकारों को नोटिस भेजने जैसे मुद्दों पर सवाल उठाते हुए एनडीए के दावों को कठघरे में खड़ा किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव जीतने के बाद कुछ ही महीनों में उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री बना दिया गया। उन्होंने कहा कि बक्सर जिले में एनडीए के तीन विधायक हैं, लेकिन एक वर्ष के दौरान कोई नया उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। बक्सर सदर विधायक द्वारा जारी रिपोर्ट कार्ड में पुरानी योजनाओं को उपलब्धि के रूप में पेश किया गया है। ग्रामीण कार्य विभाग के तहत जिले में एक वर्ष के दौरान कोई नया कार्य शुरू नहीं हुआ, जबकि पहले की योजनाओं को अपनी उपलब्धि बताई जा रही है। जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने जैसे कार्यों को भी उपलब्धि बताना उचित नहीं है, ऐसे कार्य प्रखंड स्तर पर महागठबंधन के नेता भी कर सकते हैं। उन्होंने बक्सर और डुमरांव की सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री रहते बक्सर में राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं हो सका, जबकि अब बुलेट ट्रेन के दावे किए जा रहे हैं।
डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने सदर विधायक के रिपोर्ट कार्ड में विधानसभा सत्र के दौरान 80 सवाल उठाए जाने के दावे पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा पूरे वर्ष में लगभग 30 दिन चलती है। यदि 80 सवाल उठाए गए हैं, तो उनका विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने बक्सर विधायक द्वारा पत्रकारों को नोटिस भेजे जाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि पत्रकारों का सवाल उठाना उनका अधिकार है। आलोचना को सुनना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है, केवल आईपीएस गिरी दिखाने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने बिजली की मुफ्त सुविधा छोड़ने की अपील और प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि डुमरांव की सड़कों पर 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद फोटो खिंचवाकर दो महीने में निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी लोग गड्ढों में गिर रहे हैं। बक्सर-जासो सड़क की स्थिति भी जनता देख रही है। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र दोनों जगह एनडीए की सरकार होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम ने कहा कि राजपुर में भी स्थिति अलग नहीं है। धांसू को प्रखंड बनाने और धांसू बाईपास के नाम पर वोट लेने के बाद विधायक केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित हैं। प्रेस वार्ता में राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, संतोष भारती और इंजीनियर ओमप्रकाश सहित महागठबंधन के नेता मौजूद रहे।




