OTHERS

सीताराम विवाह महोत्सव में 13 से 16 दिसंबर तक होगी बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा

लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना, हवाई अड्डा परिसर में बनेगा विशाल पंडाल; भोजन, आवासन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी राकेश राय और बबली दुबे को सौंपी गई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के नया बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में आगामी सीताराम विवाह महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इसी सिलसिले में आश्रम परिसर में महंत श्री राजाराम शरण दास जी महाराज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने बताया कि बीते दिनों वे कोलकाता में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की कथा में शामिल होने पहुंचे थे। वहां आयोजित कार्यक्रम की विशालता और व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने बक्सर में इतने बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभालने को लेकर अपनी असमर्थता जाहिर की थी। इस दौरान राजेंद्र दास जी महाराज ने उन्हें हिम्मत दी और कथा चार दिनों तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, बागेश्वर धाम महाराज ने भी आश्वस्त करते हुए कहा कि महाराज जी आप चिंता न करें, सारी व्यवस्थाएं हो जाएंगी। हालांकि, राजाराम शरण दास जी महाराज ने स्पष्ट किया कि आयोजन की व्यवस्थाएं स्थानीय लोगों के सहयोग से ही संभाली जाएंगी।

 

उन्होंने बताया कि कथा के दौरान हवाई अड्डा परिसर में विशाल टेंट लगाया जाएगा। यहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं के भोजन, ठहरने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से आगे आकर अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालने और आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

इस दौरान भोजन, आवासन एवं श्रद्धालुओं की अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वामन ग्लोबल फाउंडेशन एवं ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष राकेश राय उर्फ कल्लू राय तथा समाजसेवी बबली दुबे को सौंपी गई। दोनों ने महाराज जी का आशीर्वाद लेते हुए जिम्मेदारी स्वीकार की और भरोसा दिलाया कि सभी लोगों के सहयोग एवं समन्वय से व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

बैठक में पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष निराला, नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि नियामतुल्ला फरीदी, डॉ. रामनाथ ओझा, अशोक जी सर्राफ, राघवेंद्र राय, सोनू राय, प्रमोद पांडेय, अजय वर्मा, अमित पांडेय, सिकंदर सिंह, तूफानी सिंह, आनंद कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय, झब्बू राय, राजीव कुमार राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button