OTHERS

विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर राज्यपाल से मिले NSUI प्रदेश सचिव अभिषेक मिश्रा

समर्थ पोर्टल की त्रुटियों, छात्रावासों की बदहाल स्थिति, डिग्री मिलने में देरी और शिक्षकों के रिक्त पदों का उठाया मुद्दा; राज्यपाल ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर बक्सर जिला निवासी NSUI बिहार के प्रदेश सचिव एवं पटना लॉ कॉलेज के छात्र अभिषेक मिश्रा ने बिहार के महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रोजमर्रा के शैक्षणिक कार्यों में हो रही परेशानियों से महामहिम को अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

 

मुलाकात के दौरान अभिषेक मिश्रा ने मुख्य रूप से समर्थ पोर्टल पर विद्यार्थियों के नाम, जन्मतिथि एवं अन्य व्यक्तिगत विवरणों में हुई त्रुटियों के सुधार में हो रही अनावश्यक देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पोर्टल की तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्रावासों की जर्जर स्थिति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर भी राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया। विद्यार्थियों को समय पर डिग्री एवं प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने, परीक्षा परिणामों के प्रकाशन में देरी तथा शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के रिक्त पदों के कारण शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़ रहे प्रभाव को भी प्रमुखता से रखा।

अभिषेक मिश्रा ने पुस्तकालयों की बदहाल व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है। उन्होंने महामहिम से इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा प्रभावी पहल करने का अनुरोध किया।

इस दौरान महामहिम राज्यपाल ने विद्यार्थियों से जुड़े सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना और अभिषेक मिश्रा के साथ आत्मीयतापूर्ण संवाद किया। इस मुलाकात से विश्वविद्यालयों की समस्याओं को राजभवन तक पहुंचाने और छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराने की पहल सामने आई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button