दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: बाजार से घर लौट रहा युवक आहर में मिला मृत, बाइक भी बरामद
रातभर लापता रहने के बाद सोमवार सुबह नेनुआ गांव के समीप पानी में उतराता मिला 29 वर्षीय जीउत पासवान का शव, पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; पुलिस को बाइक फिसलने से हादसे की आशंका

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दीपावली के पावन पर्व पर जिस घर में खुशियों के दीप जलने चाहिए थे, वहां सोमवार की सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। त्योहार की खरीदारी कर घर लौट रहा 29 वर्षीय युवक रातभर लापता रहने के बाद गांव के समीप आहर में मृत मिला। पानी में उतराते शव को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
मृतक की पहचान नेनुआ गांव निवासी बिहारी पासवान के पुत्र जीउत पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीपावली की शाम जीउत खरीदारी करने डुमरांव बाजार गया था। बाजार से आवश्यक सामान लेकर वह घर लौट रहा था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। पहले परिवार के लोग उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन रात बीतने के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो स्वजन उसकी तलाश में निकल पड़े। गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसी बीच सोमवार की सुबह गांव के समीप आहर में उसका शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
नहर किनारे मिली बाइक, हादसे की आशंका
घटनास्थल के समीप नहर किनारे जीउत की बाइक भी बरामद हुई है। बाइक और शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रथमदृष्टया सड़क से फिसलकर आहर में गिरने की आशंका जता रही है। माना जा रहा है कि रात के अंधेरे में घर लौटने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जीउत डुमरांव में एक गोदाम संचालक का पिकअप वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी कमाई से ही पत्नी और दो बेटियों सहित एक बेटे की जिंदगी चलती थी। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी के सामने बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पिता के साथ बच्चों को दीपावली की खुशियां मनानी थीं, अब उसी के असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रथमदृष्टया बाइक फिसलने से दुर्घटना होने की आशंका है। परिजनों ने भी किसी तरह के विवाद या दुश्मनी की बात नहीं बताई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




