OTHERS

रोट्रैक्ट की रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के 20 वर्ष पूरे, किला मैदान में दिखी भारतीय संस्कृति और छठ महापर्व की मनमोहक झलक

डॉ. दिलशाद आलम ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन, आलिया खान ने प्राप्त किया प्रथम स्थान; साक्षी कुमारी और कुमकुम कुमारी को मिला द्वितीय स्थान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर रोट्रैक्ट की ओर से लगातार 20वें वर्ष भव्य रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक चित्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा, गौरव तथा छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दिलशाद आलम, पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब ऑफ बक्सर एवं महासचिव, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रोट्रैक्ट द्वारा लगातार 20 वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन करना ऐतिहासिक एवं सराहनीय पहल है। यह आयोजन दीपावली और छठ जैसे महान पर्वों की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव की सुंदर झलक देखने को मिली है।

 

उन्होंने युवाओं को जीवन के मूल्यों का संदेश देते हुए कहा कि सिकंदर जब इस दुनिया से गया तो उसके दोनों हाथ खाली थे। इंसान जीवन में चाहे कितनी भी उपलब्धियां हासिल कर ले, अंततः उसे अपने कर्मों के साथ ही ईश्वर अथवा अल्लाह की शरण में जाना है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले अपने माता-पिता का सम्मान करना चाहिए और उन्हें सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। माता-पिता का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आलिया खान को प्रथम स्थान से पुरस्कृत किया गया, जबकि साक्षी कुमारी एवं कुमकुम कुमारी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। निर्णायक मंडल में आकांक्षा कुमारी एवं शेखर जसवाल शामिल रहे।

मौके पर रोटरी क्लब के वर्तमान अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी एवं रोट्रैक्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्य समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहे हैं। वहीं रोट्रैक्ट के पूर्व डीआरआर एस.एम. साहिल ने कहा कि लगातार 20 वर्षों तक इस आयोजन को जारी रखना बेमिसाल उपलब्धि है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता मजबूत होती है।

मुख्य अतिथि डॉ. दिलशाद आलम ने पूर्व डीआरआर एस.एम. साहिल, अध्यक्ष सागर वर्मा, सचिव कृतम वर्मा, सूरज वर्मा, ऋषि, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार एवं प्रिंस सहित रोट्रैक्ट के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में प्रिंस ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। रोट्रैक्ट की यह 20 वर्षों पुरानी परंपरा युवाओं की रचनात्मकता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरणादायक उदाहरण बनी हुई है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button