रंगों और रोशनी के बीच सजा ‘झिलमिल 2026’ का मंच, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
आकाश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव में ANM, GNM एवं बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

न्यूज़ विज़न। बक्सर
आकाश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, बक्सर द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘झिलमिल 2026 – रंगों, रोशनी एवं खुशियों का संगम’ गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को बेस्ट नर्सिंग इंस्टीट्यूट, गोपालडेरा, बक्सर के परिसर में हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन कर पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता रही, जिसमें ANM, GNM एवं B.Sc. Nursing के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कला और हुनर का बेहतरीन परिचय देते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा मेहंदी के सुंदर और मनमोहक डिजाइन तैयार किए। उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे परिसर में रंगों और उत्साह का खुशनुमा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्थान के निदेशक, प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कला, संस्कृति, रचनात्मकता और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा को नई दिशा मिलती है। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
महोत्सव को सफल बनाने में संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण, अकादमिक, नॉन-अकादमिक एवं प्रशासनिक विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के सामूहिक प्रयास और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से ‘झिलमिल 2026’ यादगार आयोजन बन गया। अंत में आकाश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स परिवार ने सभी प्रतिभागियों, विजेताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




