OTHERS

डीएवी नेशनल गेम्स में डीएवी बक्सर का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते 10 पदक

ताइक्वांडो में सचिन कुमार सिंह और प्रभाकर द्विवेदी ने दिलाया स्वर्ण पदक, स्वर्ण विजेताओं को ₹55 हजार की प्रोत्साहन राशि; सचिन और सौरभ का SAI में भी हुआ चयन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
एनसीआर, दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल गेम्स में डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर विद्यालय के साथ-साथ बिहार का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो, कुश्ती, जूडो और बॉक्सिंग जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल कर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

 

प्रतियोगिता में ताइक्वांडो स्पर्धा के तहत सचिन कुमार सिंह एवं प्रभाकर द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, पलक वर्मा ने रजत तथा जय कुमार एवं पूर्वी सिन्हा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। कुश्ती प्रतियोगिता में आराध्या सिंह ने रजत और ऋषभ चौहान ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। जूडो में मानताशा आदिरा ने रजत पदक हासिल किया, जबकि बॉक्सिंग स्पर्धा में अंशिका शेखर ने रजत और आरोही ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी श्री वी. आनंद कुमार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। विशेष रूप से स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 55 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के ड्राफ्ट प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्राचार्य श्री वी. आनंद कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के लिए एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि सचिन कुमार सिंह एवं सौरभ कुमार सिंह का स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) में चयन हुआ है। इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और विद्यालय में विकसित हो रही उत्कृष्ट खेल संस्कृति को दिया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से बक्सर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button