65 की उम्र में जगन्नाथ सिंह का जलवा, मास्टर गेम्स में तीन गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया बक्सर का मान
10 हजार, 5 हजार और 1500 मीटर दौड़ में हासिल किया प्रथम स्थान, अब नागपुर में होने वाले नेशनल मास्टर गेम्स की तैयारी में जुटे

न्यूज़ विज़न। बक्सर
उम्र के 65वें पड़ाव पर जहां अधिकांश लोग आराम को प्राथमिकता देते हैं, वहीं राजपुर थाना क्षेत्र के पीठारी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जगन्नाथ सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति जुनून से नई मिसाल कायम की है। असम में आयोजित ऑल असम यूनाइटेड मास्टर गेम्स-2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग दौड़ प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किया।
यह प्रतियोगिता 28 डिब्रूगढ़ स्थित खनिकर स्टेडियम में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित हुई। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे मास्टर एथलीटों ने हिस्सा लिया। बक्सर के जगन्नाथ सिंह ने प्रतियोगिता में 10,000 मीटर, 5,000 मीटर और 1,500 मीटर दौड़ में भाग लिया। अपनी बेहतरीन फिटनेस और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। जगन्नाथ सिंह की इस उपलब्धि से पीठारी गांव के साथ-साथ पूरे बक्सर जिले में खुशी का माहौल है। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका खेल के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनका मानना है कि उम्र केवल एक संख्या है और नियमित अभ्यास, अनुशासन तथा मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
अब जगन्नाथ सिंह की नजर नेशनल मास्टर गेम्स पर है। आगामी 7 जनवरी से महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। तीन स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर बक्सर का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।
वीडियो देखें :




