कोलकाता से बनारस के सफर पर निकला ‘गंगा विलास’ क्रूज पहुंचा बक्सर, विदेशी सैलानियों ने देखा शहर का इतिहास और संस्कृति
जहाज घाट पर क्रूज पहुंचते ही उमड़ी लोगों की भीड़, स्विट्जरलैंड के सैलानियों ने बक्सर के विभिन्न स्थलों का किया भ्रमण

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को बक्सर के ऐतिहासिक जहाज घाट पर उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब गंगा के रास्ते कोलकाता से चलकर स्विट्जरलैंड के सैलानियों को लेकर ‘गंगा विलास’ क्रूज बक्सर पहुंचा। क्रूज का बक्सर पहुंचना स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोग जहाज घाट पर क्रूज को देखने और विदेशी सैलानियों की एक झलक पाने के लिए पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गंगा विलास क्रूज कोलकाता से सैलानियों को लेकर गंगा नदी के रास्ते बनारस की ओर जा रहा है। इसी यात्रा के क्रम में क्रूज शनिवार को बक्सर पहुंचा। क्रूज पर सवार स्विट्जरलैंड के सैलानियों ने बक्सर शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी जानकारियां भी प्राप्त कीं। बक्सर भ्रमण के दौरान सैलानियों ने स्थानीय विरासत और यहां की संस्कृति को करीब से जानने का प्रयास किया। शहर के प्रमुख स्थलों के बारे में जानकारी लेने के बाद सभी सैलानी वापस क्रूज पर पहुंचे, जहां उन्होंने विश्राम किया।
बताया गया कि क्रूज अगले दिन सुबह बक्सर से बनारस के लिए रवाना होगा। गंगा के रास्ते विदेशी सैलानियों के बक्सर पहुंचने से स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जहाज घाट पर क्रूज को देखने के लिए देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। यह दृश्य बक्सर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूत करने वाला रहा।




