OTHERS

नगर भवन में अनुमंडल स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन, कला प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर

लगभग 100 प्रतिभागियों ने समूह लोकनृत्य, समूह गायन, वक्तृता, चित्रकारी एवं कविता लेखन में लिया हिस्सा; विजेता प्रतिभागी 24 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव में करेंगे शिरकत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में मंगलवार को बक्सर के नगर भवन में अनुमंडल स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में विभिन्न कला विधाओं में युवाओं और बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समूह लोकनृत्य, समूह गायन, वक्तृता, चित्रकारी एवं कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी एवं सहायक गोदाम प्रबंधक के संयुक्त करकमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने की। इस अवसर पर अपने संबोधन में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि “किसी भी समाज या देश की प्रगति उसकी कला से होकर गुजरती है।” उन्होंने युवाओं से अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा को निरंतर निखारने का आह्वान किया। वहीं कार्यपालक दंडाधिकारी ने कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “कला मानव का सबसे सुंदर आभूषण है।” अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

 

महोत्सव के दौरान विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। निर्णायक मंडल द्वारा प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के नामों की घोषणा की गई। विजेता प्रतिभागियों को आगामी 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा महोत्सव में शामिल होने के लिए उत्तीर्ण घोषित किया गया। समूह लोकनृत्य में प्रथम स्थान जेस हाई स्कूल बक्सर समूह ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सौरभ एवं अन्य समूह तथा तृतीय स्थान शिवानी एवं अन्य समूह को मिला। समूह गायन में अमरपाली प्रशिक्षण केंद्र बक्सर ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिवानी ग्रुप द्वितीय तथा सौरभ चौबे एवं अन्य समूह तृतीय स्थान पर रहे। वक्तृता प्रतियोगिता में रतन उपाध्याय ने प्रथम, प्रतिज्ञा कुमारी ने द्वितीय तथा रिद्धिमा सिन्हा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकारी प्रतियोगिता में प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय चौसा के आयुष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजलक्ष्मी वर्मा द्वितीय तथा एस.एस. गर्ल्स हाई स्कूल बक्सर की प्रतिज्ञा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार कविता लेखन में साक्षी कुमारी ने प्रथम, निधि राय ने द्वितीय तथा सैयद हामिद रजा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कार्यक्रम के अवसर पर सुनील कुमार, रवि भूषण कुमार, अभय कुमार पाठक, रंजय कुमार एवं साबित रोहतास्वी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच का संचालन मो. सादिक, उर्दू अनुमंडल अनुवादक ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ अनुमंडल स्तरीय युवा महोत्सव के समापन की घोषणा की गई। विजेता प्रतिभागियों को अब जिला स्तरीय युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button