डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर टिकट दलाली का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
आरपीएफ बक्सर की छापेमारी में स्लीपर तत्काल श्रेणी के दो आरक्षित टिकट, मोबाइल फोन और दो आरक्षण मांग-पत्र जब्त; रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बक्सर की टीम ने डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर छापेमारी कर कथित टिकट दलाली के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया।
आरपीएफ के अनुसार, तत्काल टिकट बुकिंग की अवधि के दौरान डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र (PRS) पर गुप्त निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा। आरोप है कि वह रेलवे आरक्षण केंद्र से अवैध रूप से आरक्षित रेलवे टिकट प्राप्त कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने और अनुचित आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास कर रहा था।
26 वर्षीय युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासुकीनाथ राय (26 वर्ष), पिता कुशलेश राय, निवासी टेक्सटाइल कॉलोनी, वार्ड संख्या-02, थाना डुमरांव, जिला बक्सर के रूप में हुई है। आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
7,600 रुपये के दो तत्काल टिकट समेत सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने स्लीपर तत्काल श्रेणी के दो आरक्षित काउंटर टिकट बरामद किए, जिनका कुल मूल्य 7,600 रुपये बताया गया है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और रेलवे टिकट आरक्षण के दो मांग-पत्र भी जब्त किए गए हैं। आरपीएफ अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में आरपीएफ के उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी सोना लाल यादव, आरक्षी राहुल यादव तथा सीआईबी दानापुर के आरक्षी न्यूटन कुमार शामिल थे।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बक्सर में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। त्योहारों के दौरान टिकटों की मांग बढ़ने के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को अवैध टिकट दलाली पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।




