मां शैलपुत्री की आराधना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू, भक्तिमय हुआ बक्सर; घाटों से जल लाकर हुई कलश स्थापना
घरों और पूजा पंडालों में गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़; फलाहार और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिखी रौनक

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिलेभर में रविवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ धार्मिक उल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। अहले सुबह से ही घरों और सार्वजनिक पूजा पंडालों में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय महापर्व की शुरुआत हुई। नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे पूजा समिति के सदस्य
कलश स्थापना को लेकर विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। पीले वस्त्र धारण कर पूजा समितियों के सदस्य गाजे-बाजे के साथ कलश लेकर रामरेखा घाट, गोला घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट और सिद्धनाथ घाट समेत अन्य प्रमुख गंगा घाटों पर पहुंचे। वहां से गंगाजल लाकर विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। इस दौरान माता रानी के भजनों और जयकारों से शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई पूजा-अर्चना
नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों और घरों में पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित किए गए। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां शैलपुत्री का आह्वान कर पूजा-अर्चना की। वहीं, कई घरों और मोहल्लों के पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती का पाठ भी शुरू हो गया है। सुबह और शाम की आरती में महिलाओं और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना और व्रत-अनुष्ठान की तैयारी में जुट गए हैं।
पूजन सामग्री और फलाहार की दुकानों पर उमड़ी भीड़
नवरात्र के पहले दिन बक्सर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। मुख्य बाजार, गोलंबर, पीपी रोड और यमुना चौक के आसपास स्थित दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मिट्टी के बर्तन, जवारे बोने के लिए जौ, कलावा, आम के पल्लव, चुनरी और माता के श्रृंगार की सामग्री की खरीदारी की।
वहीं, व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को देखते हुए फलाहार की दुकानों पर भी चहल-पहल रही। सेव, केला, अनार, सिंघाड़े का आटा और अन्य फलाहार सामग्री खरीदने के लिए ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। नवरात्र के आगमन के साथ ही जिले में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में पूजा पंडालों की सजावट, आरती और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ उत्सव का उल्लास और बढ़ने की उम्मीद है।




