बक्सर में शिक्षा विभाग की आईडी अटकी, शिक्षकों का वेतन भुगतान ठप; प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिला के शिक्षकों का वेतन भुगतान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की आधिकारिक आईडी जारी नहीं होने के कारण बाधित हो गया है। आईडी के अभाव में न केवल शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया रुकी हुई है, बल्कि शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे जिले के हजारों शिक्षकों में असंतोष का माहौल है।
इस गंभीर समस्या को लेकर प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ, बक्सर ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशक से तत्काल हस्तक्षेप कर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की आईडी शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि पटना स्तर पर आईडी जारी होने में हो रही देरी का सीधा असर शिक्षकों के वेतन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है।
संघ के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष रविशंकर राय ने कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की स्पष्ट मंशा है कि प्रत्येक माह की पहली तारीख को शिक्षकों के बैंक खातों में वेतन पहुंच जाए। लेकिन तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की आईडी जारी नहीं होने के कारण यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी भी इस संबंध में लगातार पटना स्तर पर संपर्क बनाए हुए हैं और आईडी जारी कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक आईडी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है, जिससे वेतन भुगतान सहित कई जरूरी कार्य लंबित हैं।
संघ ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जैसे ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की आईडी जारी होगी, उसके एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। साथ ही हाल ही में नियुक्त प्रधान शिक्षकों के एचआरएमएस (HRMS) ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराई जाएगी।
प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मामले का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि वेतन भुगतान एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में आ रही बाधा दूर हो सके और शिक्षकों को अनावश्यक आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।





