OTHERS

‘नेत्रदान और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर बक्सर से डुमरांव तक निकली जनजागरण पदयात्रा, सैकड़ों लोगों ने लिया अंगदान का प्रण’

राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के अवसर पर दधीचि देहदान समिति एवं आशा पर्यावरण के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय पदयात्रा का शुभारंभ, आंखों पर काली पट्टी बांधकर दिया जागरूकता का संदेश

न्यूज विज़न। बक्सर
राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से रविवार को बक्सर में दधीचि देहदान समिति एवं आशा पर्यावरण सुरक्षा बिहार के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय जनजागरण पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नेत्रदान, अंगदान एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। यह पदयात्रा बक्सर से डुमरांव तक दो दिनों तक चलेगी।

 

पदयात्रा के शुभारंभ से पूर्व आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दधीचि देहदान समिति, बक्सर की अध्यक्ष एवं नगर परिषद बक्सर की पूर्व चेयरमैन श्रीमती मीना सिंह ने कहा कि “आज का संकल्प केवल नेत्रदान का ही नहीं, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा का भी होना चाहिए। नेत्रदान किसी जरूरतमंद के जीवन में उजाला ला सकता है, वहीं पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।” उन्होंने कहा कि समाज में नेत्रदान और अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया है।

आशा पर्यावरण सुरक्षा बिहार के संयोजक विपिन कुमार ने अपने संबोधन में लोगों से अधिकाधिक पौधरोपण करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ समाज एक-दूसरे के पूरक हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर लगभग एक किलोमीटर तक पदयात्रा की। इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नेत्रदान किसी नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी ला सकता है। उपस्थित लोगों ने नेत्रदान, अंगदान एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर रोटेरियन मनीष पांडे, मनोज वर्मा, सौरभ तिवारी, मंजेश केशरी, शिका फाउंडेशन ट्रस्ट, बक्सर के अध्यक्ष विवेक कुमार, भारत ज्ञान विज्ञान समिति की सचिव अनीता यादव, जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, वरिष्ठ पत्रकार शशांक शेखर, जदयू जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जदयू प्रदेश सचिव अशोक प्रजापति, भाजपा नेता पूनम रविदास, रोटरी अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र, सुनील सरला, विक्रम जयनारायण निषाद सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इसके अलावा रमाकांत राम, अखिलेश्वर प्रसाद, डॉ. सुरेंद्र सिंह, दिलीप कुमार, हरेंद्र कुमार, अजय कुमार, निर्मल प्रसाद, रमेश चंद्र, इंद्रजीत वर्मा, राजकुमार सिंह, विकास कुमार, शांतनु कुमार, ब्रजेश कुमार, शालिग्राम पाल, नीलम श्रीवास्तव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, शमशाद खान, रघुकुल तिलक, चंदन कुमार सिंह, विजय लाल शर्मा, उर्मिला कुमारी, सुनीता कुमारी, ऊषा कुमारी सहित सैकड़ों की संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं आम नागरिक पदयात्रा में शामिल हुए।

आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय यह जनजागरण अभियान बक्सर से डुमरांव तक विभिन्न स्थानों पर लोगों को नेत्रदान, अंगदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा तथा अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय अभियान से जोड़ने का प्रयास करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button