अधिवक्ताओं की सुरक्षा और मुआवजे का मुद्दा संसद में उठाने पर मनन कुमार मिश्रा को बक्सर बार एसोसिएशन के महासचिव ने किया स्वागत
महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय बोले— अधिवक्ताओं की सुरक्षा, धमकियों से निजात और मरणोपरांत मुआवजे की मांग न्याय व्यवस्था को करेगी और मजबूत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा द्वारा संसद सत्र के दौरान अधिवक्ताओं की सुरक्षा तथा अधिवक्ताओं की मृत्यु की स्थिति में उनके परिजनों को मुआवजा दिए जाने का मुद्दा उठाए जाने पर बक्सर बार एसोसिएशन में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर बक्सर बार एसोसिएशन के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने मनन कुमार मिश्रा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने देशभर के अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही गंभीर समस्याओं को संसद के पटल पर प्रभावी ढंग से रखा है। यह अधिवक्ता समाज के हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय दिलाने के लिए कई बार दुर्दांत अपराधियों और प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध मुकदमे लड़ते हैं। ऐसे मामलों में उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके और उनके परिवार के मन में हमेशा भय का माहौल बना रहता है। इसलिए अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून और सुरक्षा व्यवस्था समय की आवश्यकता है।
महासचिव ने आगे कहा कि किसी अधिवक्ता की बीमारी, दुर्घटना अथवा अन्य कारणों से असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार को आर्थिक सहायता अथवा मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे अधिवक्ता परिवारों को कठिन परिस्थितियों में संबल मिलेगा और उनके भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में जल्द ही ठोस कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।





