‘सेवा, संकल्प, समर्पण’ के 100 दिन पूर्ण होने पर सम्मान समारोह, उत्कृष्ट वाल पेंटिंग के लिए विनोद कुमार सिंह हुए सम्मानित
डीएम साहिला व एसपी शुभम आर्य की मौजूदगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम, डीडीसी निहारिका छवि ने मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार सरकार के ‘सेवा, संकल्प, समर्पण’ अभियान के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों, लाभुकों, उद्यमियों, खिलाड़ियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान, विशेष कार्य पदाधिकारी, विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, सरकारी कर्मी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी साहिला ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को शॉल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसी क्रम में मोनालिशा प्रशिक्षण संस्थान के सचिव विनोद कुमार सिंह को बक्सर नगर क्षेत्र में सरकारी दीवारों, लाइट एंड साउंड परिसर तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक और जनजागरूकता आधारित वाल पेंटिंग के माध्यम से किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने विनोद कुमार सिंह को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, जिला पदाधिकारी साहिला ने उनकी कलात्मक प्रतिभा और शहर को सुंदर एवं संदेशपरक बनाने में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक पहलें न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाती हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों को और बेहतर ढंग से करने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही विनोद सिंह ने इस सम्मान के लिए नगर परिषद् के सभापति कमरून निशा एवं कार्यपालक पदाधिकारी का आभार जताते हुए कहा की हमें ऐसा मौका दिया जिसको बक्सर नगर वासियों के लिए बेहतर पेंटिंग करवाने का मौका मिला। सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह प्रशासनिक उपलब्धियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक बना।





