राजपुर में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत
बसही गांव के श्रीकवल राम की सड़क पार करने के दौरान हुई मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम, बस जब्त कर चालक की तलाश में जुटी पुलिस


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा-कोचस मुख्य पथ पर गीता नगर बसही के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बसही गांव निवासी श्रीकवल राम (पिता- मुक्तेश्वर राम) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीकवल राम एक छोटे बच्चे के साथ सरदार सिंह अस्पताल के पास स्थित एक नाश्ते की दुकान पर जा रहे थे। सड़क पार करने के दौरान बक्सर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बस के साथ कई मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि उनके साथ मौजूद बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





