रो. दीपक अग्रवाल एवं ज्योति अग्रवाल की 27वीं वैवाहिक वर्षगाँठ पर प्रकृति को अनमोल उपहार: रोटरी क्लब बक्सर ने किया पौधरोपण
हरियाली के साथ खुशहाल दाम्पत्य जीवन का दिया संदेश, नाथ बाबा मंदिर पार्क में लगाए गए 5 पौधे, रोटरी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता निभाते हुए रोटरी क्लब बक्सर ने एक प्रेरणादायी पहल की। क्लब के सम्मानित सदस्य रो. दीपक अग्रवाल एवं श्रीमती ज्योति अग्रवाल की 27वीं वैवाहिक वर्षगाँठ के शुभ अवसर पर शुक्रवार, 10 जुलाई को उनके सौजन्य एवं रोटरी क्लब बक्सर के सहयोग से नाथ बाबा मंदिर के समीप स्थित पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर को यादगार और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनाते हुए पार्क परिसर में पाँच छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। रोटरी क्लब के सदस्यों ने कहा कि किसी भी शुभ अवसर को पौधरोपण के माध्यम से मनाना न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन है, बल्कि यह समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी देता है। लगाए गए पौधे केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे दीपक अग्रवाल एवं ज्योति अग्रवाल के सुखी, समृद्ध, स्वस्थ एवं दीर्घ दाम्पत्य जीवन, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने दंपति को 27वीं वैवाहिक वर्षगाँठ की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगाँठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ें। इस अवसर पर क्लब के सदस्य रो. दीपक अग्रवाल, रो. सौरभ तिवारी, रो. शिवधार तिवारी, रो. राजेश केसरी, रो. अनिल मानसिंहका, रो. अनिल केसरी, क्लब सचिव रो. मनोज कुमार वर्मा, रो. परशुराम वर्मा, रो. एस. एम. साहिल, रो. मनीष पांडे, रो. मंजेश केसरी, रो. अमृता केसरी, रो. चन्दन गुप्ता, रो. दीपक तथा रो. सुदीप खेतान सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।





