OTHERS

बक्सर की बेटियों का कमाल: साक्षी और सलोनी मिश्रा ने (CUET) पीजी परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की दोनों बेटियों ने देशभर में हासिल की टॉप रैंक, मेहनत और लगन की बनी मिसाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के लिए यह बेहद गर्व और सम्मान का क्षण है, जब जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की दोनों बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। बजरंगी मिश्रा की पुत्री साक्षी मिश्रा ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) पीजी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। साक्षी वर्तमान में दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज (नॉर्थ कैंपस) में अध्ययनरत हैं और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

 

वहीं उनकी दूसरी बेटी सलोनी मिश्रा ने भी इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में पांचवां स्थान हासिल किया है। सलोनी दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज (नॉर्थ कैंपस) में पढ़ाई कर रही हैं। इससे पहले भी सलोनी अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा में टॉप कर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाई थी, जिसके लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया था। बक्सर के मित्र लोक कॉलोनी निवासी बजरंगी मिश्रा और उनकी पत्नी नीतू मिश्रा ने अपनी बेटियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ-साथ जिले के लोग भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

 

इस सफलता के बाद पूरे बक्सर जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों द्वारा दोनों बेटियों को लगातार बधाई दी जा रही है। साक्षी और सलोनी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि जिले के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बन गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button