‘दिशा’ बैठक में गूंजे विकास के मुद्दे, राजपुर विधायक संतोष निराला ने उठाए सड़क, पुल और स्वास्थ्य से जुड़े अहम सवाल
सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक, जल-नल योजना से लेकर पुल निर्माण तक कई प्रस्तावों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बुधवार 08 अप्रैल को बक्सर समाहरणालय सभागार में विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बक्सर के माननीय सांसद सुधाकर सिंह ने की, जिसमें जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राजपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक संतोष कुमार निराला ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों पर मजबूती के साथ अपनी बात रखते हुए त्वरित समाधान की मांग की। विधायक श्री निराला ने जलहरा से मानिकपुर रोड पर भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को देखते हुए वहां वैरियर लगाने की मांग रखी, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इसके अलावा इंदौर पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे स्थानीय प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। उन्होंने सोन नहर पर स्थित नारायणपुर पुल के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके। साथ ही गंगा पम्प नहर (चौसा-करहंसी) पर सड़क पुल निर्माण की मांग रखते हुए क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की बात कही।
खीरी-राजपुर-मानी मार्ग पर अधूरे पड़े पुल निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। वहीं, धनसोई स्वास्थ्य केन्द्र में बंद पड़ी महिला प्रसव सुविधा को पुनः शुरू कराने की आवश्यकता को अत्यंत गंभीर विषय बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में चल रही जल-नल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए विधायक ने संबंधित विभागों को जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर भी बल दिया गया। यह बैठक क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे आम जनता को आने वाले समय में ठोस लाभ मिलने की उम्मीद है।





