महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में ओपन इंग्लिश क्विज का आयोजन, छात्रों ने दिखाई शानदार प्रतिभा
साहित्य, व्याकरण और समसामयिक विषयों पर आधारित प्रतियोगिता में छात्रों की बौद्धिक क्षमता का हुआ परीक्षण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर स्थित महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के अंग्रेज़ी विभाग द्वारा बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय परिसर में एक ओपन क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानाचार्य प्रो. कृष्णा कांत सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक जागरूकता, बौद्धिक विकास एवं भाषाई दक्षता को प्रोत्साहित करना था।
इस प्रतियोगिता में स्नातक स्तर के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज की खास बात यह रही कि इसमें पारंपरिक बहुविकल्पीय प्रश्नों के बजाय संक्षिप्त उत्तर एवं एक-पंक्ति आधारित प्रश्न पूछे गए। इससे प्रतिभागियों की सटीकता, स्पष्टता और विषय की गहरी समझ का प्रभावी आकलन किया गया। प्रश्नों का दायरा अंग्रेज़ी साहित्य के विभिन्न कालखंडों, साहित्यिक आंदोलनों, महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं की कालक्रमिक जानकारी, प्रसिद्ध लेखकों एवं उनकी कृतियों, प्रतियोगी अंग्रेज़ी, व्याकरण, शब्द-भंडार तथा समसामयिक विषयों तक विस्तृत रहा।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे माहौल अत्यंत रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक बना रहा। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करती हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष प्रियेश रंजन के साथ संस्कृत विभाग के डॉ. रवि प्रभात, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. अमृता कुमारी एवं डॉ. अर्चना मिश्रा, भौतिकी विभाग के डॉ. अमन कुमार सिंह एवं दीपक कुमार शर्मा तथा कर्मी रंजु देवी का सराहनीय योगदान रहा।





