CRIME

जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: फसल कटनी को लेकर गोलीबारी, एक की मौत

सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष भिड़े, कुख्यात समेत तीन गिरफ्तार; दशकों पुराना विवाद फिर भड़का

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के नैनीजोर थाना अंतर्गत गायघाट मौजा में सरकारी जमीन पर फसल कटनी को लेकर शनिवार की देर रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे की है, जब नैनीजोर वार्ड 09 के यादव टोला निवासी 58 वर्षीय तारकेश्वर यादव अपने समर्थकों के साथ सरकारी जमीन पर लगी गेहूं की फसल काटने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंच गया और दोनों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में तारकेश्वर यादव के गर्दन और छाती में गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात माफिया मनन तिवारी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हार्वेस्टर मालिक और चालक को भी हिरासत में लिया गया है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर फसल कटनी को लेकर यह विवाद हुआ है। मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

दशकों पुराना है विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार गायघाट मौजा की इस जमीन को लेकर दशकों से विवाद चला आ रहा है। इस विवाद में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके, सरकारी जमीन पर खेती और कब्जे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह घटना एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है कि आखिर सरकारी जमीन पर बार-बार कब्जा और खेती कैसे हो रही है? समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की जाती, जिससे ऐसे खूनी संघर्षों को रोका जा सके?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button