बक्सर आरपीएफ ने कुंभ एक्सप्रेस से 32 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार
12370 देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान खुलासा, गिरफ्तार आरोपियों को GRP के हवाले


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 12370 देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। नियमित चेकिंग अभियान के दौरान RPF की टीम ने यह सफलता हासिल की, जिसमें कुल 32.790 लीटर शराब जब्त की गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 12,660 रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार गिरी (23 वर्ष), निवासी नरगदा, थाना कृष्णागढ़, जिला भोजपुर; नीरज कुमार (21 वर्ष), निवासी सालिमपुर, जिला पटना; प्रिंस कुमार (19 वर्ष), निवासी मनेर, जिला पटना तथा मुन्ना कुमार (26 वर्ष), निवासी सब्बलपुर, जिला पटना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी ट्रेन के माध्यम से अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे थे। आरपीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान आरोपियों को शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार सभी तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर के हवाले कर दिया गया है। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सतर्क हैं और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठा रही हैं।





