OTHERS

जिले में SDRF टीम की स्थायी तैनाती, आपदा के समय अब तुरंत होगा राहत और बचाव कार्य

प्रमुख घाटों पर भी रहेगी SDRF की तैनाती, प्रशासन के निर्देश पर करेगी त्वरित कार्रवाई; अधिकारियों ने आवासन स्थल का किया निरीक्षण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में आपदा के समय त्वरित राहत और बचाव कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम की स्थायी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। यह निर्णय 6 मार्च को आयोजित बैठक की कार्यवाही के आलोक में लिया गया था, जिसके बाद आपदा प्रबंधन विभाग से SDRF टीम को जिले में स्थायी रूप से तैनात करने की मांग की गई थी।

 

गुरुवार को विभागीय पत्र जारी होने के बाद बक्सर जिले में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम की प्रतिनियुक्ति कर दी गई। यह टीम जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में होने वाली विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों को त्वरित गति से अंजाम देगी। प्रशासन की योजना के अनुसार प्रमुख त्योहारों और विशेष अवसरों के मद्देनजर SDRF टीम को रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर भी प्रतिनियुक्त किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन का मानना है कि SDRF की तैनाती से आपदाओं के दौरान राहत कार्यों में तेजी आएगी और यह व्यवस्था जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

 

जानकारी के अनुसार, गृह रक्षा वाहिनी के प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद संबंधित स्थल पर SDRF टीम के लिए स्थायी आवासन की भी व्यवस्था कर दी गई है। इससे टीम को जिले में स्थायी रूप से कार्य करने में सुविधा होगी। इस संबंध में अपर समाहर्ता अरुण कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी साधुशरण पांडेय ने टीम के आवासन स्थल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने वहां उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित पहल और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से SDRF टीम की स्थायी तैनाती को जिले के लोगों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। इससे भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा या आकस्मिक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य और अधिक प्रभावी तथा तेज़ी से किया जा सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button