मानवता की मिसाल बना युवा शक्ति सेवा संस्थान, गरीब परिवार की बेटी की शादी धूमधाम से कराई
संस्थापक रामजी सिंह के नेतृत्व में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ विवाह, समाज सेवा के कई कार्यों से संस्था बना रही अलग पहचान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय युवा शक्ति सेवा संस्थान लगातार अपने सकारात्मक कार्यों के कारण जिले में एक अलग पहचान बना रहा है। संस्था ने अब तक कई गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग कर समाज के सामने मानवता की मिसाल पेश की है। इसी कड़ी में सोमवार 9 मार्च को संस्थान के संस्थापक युवा नेता रामजी सिंह ने एक गरीब परिवार की बेटी की शादी दिव्यांग पुनर्वास केंद्र परिसर में पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ संपन्न कराई। बताया जाता है कि संस्था से जुड़े एक गरीब सदस्य की बेटी की शादी तय हुई थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार काफी चिंतित था। जब उन्होंने अपनी समस्या संस्थापक रामजी सिंह के सामने रखी, तो उन्होंने तुरंत आश्वासन देते हुए कहा कि बेटी की शादी में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद विवाह की पूरी जिम्मेदारी युवा शक्ति सेवा संस्थान ने अपने हाथों में ले ली।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ विवाह
विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए संस्थान के सदस्यों और दिव्यांग साथियों ने मिलकर बारातियों का भव्य स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम का आयोजन दिव्यांग पुनर्वास केंद्र परिसर में किया गया, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ द्वारपूजा और जयमाल की रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधु का विधिवत विवाह कराया गया। शादी समारोह में मौजूद लोगों ने संस्थान के इस प्रयास की खूब सराहना की। वर और वधु पक्ष के लोग भी इस व्यवस्था से काफी खुश नजर आए और उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
ब्यूटी पार्लर संचालिकाओं ने भी दिया सहयोग
इस पुनीत कार्य में समाज के कई लोगों ने सहयोग किया। रामजी सिंह के सोशल मीडिया पर विवाह की खबर देखकर डुमरांव की ब्यूटी पार्लर संचालिका कंचन मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं बक्सर के प्रदुमन्न जी के हाता सेंडिगेट से खुशी मेक ओवर की जुली जी भी अपनी टीम के साथ पहुंचीं और दुल्हन को निःशुल्क सजाया-संवारा। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी ओर से नेग देकर इस शुभ अवसर में खुशी भी साझा की। दोनों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग देने का वादा किया।
परिवार ने भी दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर रामजी सिंह की माता उषा देवी और पत्नी वर्षा सिंह भी समारोह में शामिल हुईं और नवदंपत्ति को आशीर्वाद दिया। वहीं इस कार्य को सफल बनाने में रामजी सिंह के साथ आशुतोष दुबे, सराफत हुसैन, माइकल सर, प्रमोद केशरी, भुटाली समेत संस्थान के कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
समाज के लिए प्रेरणा बना संस्थान
इस सराहनीय प्रयास ने समाज को यह संदेश दिया कि यदि सभी लोग मिलकर आगे आएं तो किसी भी गरीब परिवार की बेटी की शादी सम्मानपूर्वक कराई जा सकती है। स्थानीय लोगों ने भी संस्थान के इस कार्य की जमकर सराहना की।
जरूरतमंदों के लिए लगातार कर रहा सेवा कार्य
जिले में सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए युवा शक्ति सेवा संस्थान लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहा है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है। इसी उद्देश्य के साथ संस्था के सदस्य समय-समय पर विभिन्न प्रकार के जनसेवा कार्य करते रहते हैं।
मरीजों के लिए ब्लड और इलाज में मदद
संस्थान द्वारा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था कर उन्हें नई जिंदगी देने का कार्य किया जा रहा है। कई बार ऐसे मरीजों को भी रक्त उपलब्ध कराया गया है, जिनके परिजन भी रक्त की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे। इसके अलावा गरीब मरीजों के इलाज में डॉक्टरों से समन्वय स्थापित कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद भी की जा रही है, ताकि पैसों की कमी के कारण किसी की जिंदगी खतरे में न पड़े।
गरीब बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग
शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्था सराहनीय पहल कर रही है। गरीब परिवार के ऐसे बच्चे जो बेहतर प्राइवेट स्कूल में पढ़ने की इच्छा रखते हैं, उनके अच्छे शिक्षण संस्थानों में नामांकन कराने में भी संस्था मदद कर रही है। इससे कई बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाने का अवसर मिल रहा है और उनके सपनों को नई उड़ान मिल रही है।
पर्व-त्योहारों पर भी गरीबों के साथ खुशियां
संस्थान केवल सामाजिक ही नहीं बल्कि मानवीय पहलुओं पर भी काम कर रहा है। दीपावली और होली जैसे पर्वों पर गरीब परिवारों के घरों में खुशियां पहुंचाने के लिए संस्था के सदस्य विशेष पहल करते हैं, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग त्योहार की खुशी महसूस कर सकें।
दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष पहल
संस्थान द्वारा दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष पहल की जा रही है। दिव्यांग लोगों को अपने खर्च पर मथुरा-वृंदावन और माता वैष्णो देवी के दर्शन कराने की व्यवस्था कर उन्हें आध्यात्मिक सुख प्रदान करने का प्रयास किया गया है। इस पहल की लोगों ने काफी सराहना की है।
समाज में सकारात्मक संदेश
संस्थान के इन सराहनीय कार्यों के कारण समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह समाज के अन्य लोग और संस्थाएं भी आगे आएं तो जरूरतमंदों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
संस्थान के सदस्यों का कहना है कि आगे भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य लगातार जारी रहेंगे, ताकि हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जा सके और समाज में सहयोग व मानवता की भावना को मजबूत किया जा सके।





