OTHERS

चैती छठ, महावीरी पूजा और ईद को लेकर बक्सर में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आगामी चैती छठ, महावीरी पूजा और ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, जिले के सभी थानों के थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

 

बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के साथ आमजन के सहयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। बैठक के दौरान त्योहारों के अवसर पर यातायात व्यवस्था, जुलूसों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी सूरत में डीजे संचालकों को डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कहीं भी डीजे बजाते हुए पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

महावीरी पूजा के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस को लेकर भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले जुलूस के संबंध में विस्तृत जानकारी जल्द से जल्द अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इसमें जुलूस के आयोजन की तिथि, जुलूस का मार्ग, शामिल होने वाले लोगों की अनुमानित संख्या सहित अन्य आवश्यक जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा ईद के अवसर पर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे के माहौल को बनाए रखने के लिए भी सभी से सहयोग की अपील की गई। प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें ताकि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हो सकें। बैठक में मौजूद अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button