एक्सीडेंट में ड्राइवर की मृत्यु को आपदा की श्रेणी में सम्मिलित करने की उठाई आवाज
15 सूत्री मांगों के समर्थन में ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के सदस्यों ने कवलदह पोखर के पास दिया धरना


न्यूज विजन। बक्सर
ड्राइवर संगठन ऑफ़ बिहार से जुड़े चालकों ने 15 सूत्री मांगों को लेकर स्टेशन रोड स्थित कवलदह पोखरा के पास धरन व प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार पाल ने बताया कि सरकार का ध्यान ड्राइवरों के समस्याओं की ओर नहीं है। संघ के अध्यक्ष ने सरकार से रोड एक्सीडेंट में होने वाले ड्राइवर की मृत्यु को आपदा की श्रेणी में सम्मिलित करने की मांग की।
साथ ही ड्राइवर आयोग का गठन करते हुए वेलफेयर फंड की व्यवस्था भी करने की मांग सरकार से की। जिला सचिव विनोद चौधरी ने ने कहा कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख व अपंगता पर 10 लाख रुपए बतौर मुआवजा देने की मांग की। दुर्घटना में मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि ड्राइवर को 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। आवास योजना के तहत 5 लाख रुपए और उनके बच्चों के लिए उच्च शिक्षा में आरक्षण मिलना चाहिए। राजमार्ग पर विश्रामघर, शौचालय और गाड़ी के लिए पार्किंग की व्यवस्था सरकार को करना चाहिए। सरकार के द्वारा हर पेट्रोल पंप पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गाड़ियों में आगे और पीछे रिकॉर्डिंग कैमरे की व्यवस्था हो ताकि फोटो वीडियो व फुटेज के आधार पर ड्राइवर और पब्लिक के बीच घटना दुर्घटना होने पर दोषी को सजा मिल सके।
उन्होंने 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस के रूप में मान्यता देने की भी मांग की। सरकार के द्वारा गाड़ी मालिक से ड्राइवर के लिए 20 लाख का इंश्योरेंस सुनिश्चित करने की बात कही। संघ ने 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपी। मौके पर संघ के जिला सचिव विनोद चौधरी, ऋषि मुनि, कुंवर, मलू चौधरी, राजेंद्र सिंह, भीम कुमार समेत पचास संघ के सदस्य मौजूद थे।





