रामरेखा घाट पर दर्दनाक हादसा, गंगा में डूबे चार युवक, दो की मौत, एक रेफर
मछली पकड़ने गए चार दोस्त गहरे पानी में फंसे; गोताखोरों की मदद से निकाले गए, इलाके में मातम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर शहर में रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शहर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर मछली पकड़ने गए चार युवक गंगा नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, एक को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया, जबकि एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सीढ़ियों में फंसने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन पंजाबी मोहल्ले के नरेश भर के 40 वर्षीय पुत्र संजू, मल्लाहटोली निवासी राजाराम चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र महावीर, गोपाल चौधरी के 18 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार और 17 वर्षीय सूरज कुमार मछली पकड़ने के लिए घाट पर गए थे। इसी दौरान तीन युवक घाट की सीढ़ियों के नीचे फंस गए और गहरे पानी में डूबने लगे। बताया जा रहा है कि सूरज अपने साथियों को बचाने के प्रयास में खुद भी पानी निगल बैठा। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से चारों को बाहर निकलवाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में दो की मौत, एक की हालत गंभीर
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद संजू और महावीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकाश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। सूरज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मोहल्लों में पसरा मातम
घटना के बाद मल्लाहटोली और पंजाबी मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





