कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘स्पर्धा’ का भव्य आगाज, एसपी शुभम आर्य ने किया 16वीं वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का उद्घाटन
दो दिवसीय खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाया जोश और अनुशासन, मार्च-पास्ट और दौड़ प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाओं ने जीते पदक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में विद्यालय खेल-मैदान में दो दिवसीय 16 वीं वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता “स्पर्धा” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य भा०पु० से० विद्यालय-निदेशक डॉ. मोहन चौबे, निदेशक, आप्टेक एवं स्मृति कॉलेज सह प्रांतीय सचिव क्रीड़ा भारती एवं उपाध्यक्ष, भारतीय शिक्षण मण्डल, दक्षिण बिहार प्रांत, डॉ. रमेश कुमार, जिला अध्यक्ष, बक्सर जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, डॉ प्रदीप पाठक, एक्जीक्यूटिव प्राचार्य, प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं उप-प्रचार्या द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पूर्व आगत अतिथियों को गुलदस्ता, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात विद्यालय निदेशक एवं पांचो हाउस के प्रतिनिधि शिक्षकों द्वारा विद्यालय-ध्वज एवं हाउस-ध्वज फहराया गया। विद्यालय के पांचो हॉउसों यथा गांधी हाउस, रमन हाउस, टैगोर हाउस, तानसेन हाउस एवं विश्वामित्र हाउस के कैडेटों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय-निदेशक ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय छात्र-छात्राओं द्वारा पूर्व में जिला स्तर एवं राज्य- स्तर पर किए गए प्रदर्शनों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेल-कूद विद्यालय छात्र-छात्राओं के लिए अनिवार्य गतिविधि बन चुका है। बतौर मुख्य अतिथि पुलिस कप्तान ने बच्चों से मुखातिब होते हुए कहा कि खेल-कूद केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही अनिवार्य नहीं है बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवन – मूल्यों का संवर्धन करता है। उन्होंने बताया कि खेल कूद से हमें टीम – भावना, अनुशासन, सामाजिक-गुण इत्यादि सीखने को मिलते हैं । उनके भारतीय पुलिस सेवा में चयन के पीछे कहीं न कहीं उनकी खेल-कूद में अभिरुचि भी एक मुख्य कारण रही है।मुख्य अतिथि के समक्ष सीनियर ग्रुप (दीपिका दुमारी ग्रुप) के बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मी० दौड़-प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें बालक वर्ग से क्रमश: चुलबुल कुमार, प्रिंस कुमार एवं रजनीकांत पाण्डेय, ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि बालिका वर्ग से क्रमश: कृतिका राय, नित्या कुमारी एवं सृष्टि कुमारी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुलिस-कप्तान द्वारा मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। प्रथम दिन नर्सरी, एल०के०जी०, यू०के०जी, वर्ग प्रथम एवं द्वितीय की अनेकों खेल – प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिनमें 50 मी. दौड़, बैलून-दौड़, गेंद फेंक, स्पून मार्बल प्रमुख रहे। विजेताओं में शिवांश, अद्वैत, मंगलेश्वर, प्रज्ञा, सान्वी, अनन्या, सार्थक, रिद्धि,कृष्णा,सूरज, संध्या, रिया, अंकुश, गर्वित, रेयांश, अनिका, आरवी, सिद्धार्थ, संध्या, अनुष्का, आदित्य, मिसबा इत्यादि प्रमुख रहे।
आगत अतिथियों में कामेश्वर पांडेय, राम प्रसन्न द्विवेदी, बजरंगी मिश्रा समेत पाहवा बेंच के तमाम सम्मानित सदस्य, मो० अली इमाम, सभी अखबार समूहों के ब्यूरो चीफ समेत अनेक अभिभावक मौजूद रहे। मंच-संचालन रीता सिंह एवं रवि पाण्डेय द्वारा किया गया। खेल मैदान गतिविधि संचालन सर्वश्री शशिकांत ओझा, अभिनंदन कुमार त्रिपाठी एवं अभय कुमार सिंह ने किया। स्कोरर के रूप में कृष्ण कांत ओझा एवं धर्मवीर दूबे ने योगदान दिया। आज की प्रतियोगिता समाप्त होने पर विश्वामित्र हाउस, टैगोर हाउस, तानसेन हाउस, गांधी हाउस एवं रमन हाउस क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान पर रहे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाएं तथा विद्यार्थी उपस्थित थे। विदित हो कि कल इस प्रतियोगिता का अंतिम दिन है।






