OTHERS

इलाज के दौरान सदर अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने किया बक्सर चौसा मुख्य मार्ग जाम 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

मंगलवार की देर रात बक्सर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी राजेश बिन की पत्नी हेमंती देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बक्सर–चौसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

 

 

 

परिजनों का आरोप है कि हेमंती देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर देर रात उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सक द्वारा एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद महिला की हालत और बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के बाद महिला का शरीर काला पड़ने लगा और कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई।

 

 

मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और बक्सर–चौसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर बक्सर और चौसा की तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मामले की उच्चस्तरीय जांच और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी और प्रशासन हालात को सामान्य करने में जुटा हुआ था।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button