नशा मुक्ति अभियान के तहत मॉडल थाना चौक पर ग्रीन गुब्बारा उड़ाकर लोगों को किया गया जागरूक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत समाज में नशा-विरोधी जन-जागरूकता को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से आज मॉडल थाना, बक्सर के समक्ष ग्रीन गुब्बारा उड़ाने का एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में आम नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों तथा फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की शुरुआत नशे के दुष्प्रभावों पर संक्षिप्त संवाद से हुई, तथा नशा-मुक्त जीवन अपनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा प्रतीकात्मक रूप से ग्रीन गुब्बारे आकाश में छोड़कर यह संदेश दिया गया कि नशा-मुक्त समाज ही स्वस्थ परिवार, सुरक्षित भविष्य और सशक्त राष्ट्र की नींव है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा अपराध, दुर्घटना एवं सामाजिक अव्यवस्था का प्रमुख कारण बनता जा रहा है और इससे निपटने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है, वहीं बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन के निदेशक राम नारायण ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध जन-जागरूकता, शिक्षा और निरंतर सामाजिक संवाद अत्यंत आवश्यक है तथा फाउंडेशन आने वाले समय में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया, जबकि मीडिया प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की सामाजिक उपयोगिता को सराहा। साथ ही फाउंडेशन द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आगामी 15 जनवरी 2026 को चाणक्य एकेडमी महिला कॉलेज, सरेंजा, बक्सर में छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवतियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा-मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन के निदेशक राम नारायण सहित पंकज मानसिंहका, उज्ज्वल महिला विकास केंद्र के सचिव रमा शंकर सिंह, रेड क्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी, राहुल जायसवाल, शुभम कुमार, विनोद कुमार, पिंटू सिंघानिया तथा अनेकों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





