OTHERS

शुक्रवार से विद्यालय प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किए जाएंगे संचालित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिला पदाधिकारी साहिला के निर्देशानुसार जिले में शीतलहर एवं ठंड को देखते हुए सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 8 तक) दिनांक 02 जनवरी 2026 से पुनः संचालित होंगे, लेकिन छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

 

जारी आदेश के अनुसार अब सभी विद्यालय प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह परिवर्तित समय-सारिणी अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों को ठंड और शीतलहर के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी विद्यालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन ने यह भी कहा है कि विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों पर ठंड का प्रभाव अधिक पड़ता है, ऐसे में विद्यालयों के समय में बदलाव आवश्यक था। साथ ही विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कक्षाओं में बच्चों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्था रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बच्चों को मौसम के अनुरूप गर्म कपड़ों में विद्यालय भेजें और उनकी सेहत पर विशेष ध्यान दें। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोपरि है और इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी विद्यालय संचालन को लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button